ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
उसलापुर रेलवे स्टेशन में शुरू हुआ प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट यात्रियों को मिलेगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाली खानपान सुविधा
बिलासपुर-16 अगस्त 2026 यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर बेहतर, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं उच्च गुणवत्ता वाली खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंडल के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट की शुरुआत की गई है। इस सुविधा के प्रारंभ होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आधुनिक वातावरण के साथ प्रतिष्ठित ब्रांड के गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे।

यह पहल यात्रियों के खानपान अनुभव को और बेहतर बनाने के साथ रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में आधुनिकता एवं गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आउटलेट को यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और बेहतर सेवा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट
उल्लेखनीय है कि उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ किया गया यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट है। इसके माध्यम से यात्रियों को स्टेशन पर ही प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के खाद्य एवं पेय ब्रांड की सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
आउटलेट में यात्रियों को स्वच्छ, ताजा, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वादिष्ट खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों तथा ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के बीच कम समय में भोजन या जलपान की आवश्यकता वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में पहल
उसलापुर स्टेशन पर इस प्रीमियम कैटरिंग सुविधा की शुरुआत से यात्रियों को स्टेशन पर ही बेहतर खानपान विकल्प उपलब्ध होंगे। आधुनिक स्वरूप, स्वच्छता, गुणवत्ता और सुविधाजनक सेवा का यह संयोजन यात्रियों के यात्रा अनुभव को और सुखद एवं सुविधाजनक बनाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के क्रम में शुरू की गई यह सुविधा ‘यात्री सुविधा, गुणवत्ता और आधुनिकता’ के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।














