कोड़ापुरी हायर सेकेंडरी स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया
सकर्रा/कोड़ापुरी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती कविता टिकेश साहू, उपसरपंच कमल यादव, सभी पंचगण, भाजपा महामंत्री अश्वनी साहू तथा विद्यालय की प्राचार्य सुश्री सरोज पारकर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कविता महेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।


उत्कृष्ट विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि श्रीमती कविता महेश यादव के हाथों सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से पढ़ाई कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया। उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित एवं समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।














