लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा दो दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन


बिलासपुर। रीजन 7 की रीजन चेयरपर्सन लायन अर्चना तिवारी जी के मार्गदर्शन में लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा सेंट जेवियर स्कूल, जबड़ापारा में दो दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में एलोपैथिक, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, बाल रोग एवं दंत विशेषज्ञों की टीम ने स्कूल के लगभग 500 विद्यार्थियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही, उपस्थित अभिभावकों (पेरेंट्स) एवं शिक्षक वर्ग के लिए विशेष बीएमआई (BMI) टेस्ट भी आयोजित किया गया।


शिविर में मुख्य रूप से लायन डॉ. के. के. श्रीवास्तव के साथ डॉ. लावण्या नायडू, डॉ. पी. के. शर्मा, फिजियोथैरेपिस्ट एवं एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. अमित सिंह ठाकुर, डॉ. गणेश साहू एवं डॉ. आर. के. यादव की टीम ने सेवाएं दीं। डॉ. के. के. श्रीवास्तव ने पूरी तत्परता से प्रत्येक बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा क्लब एवं स्कूल प्रबंधन को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।


लायंस क्लब इंटरनेशनल के स्वास्थ्य प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस शिविर में रीजन 7 के अंतर्गत आने वाले जोन 19 की जोन चेयरपर्सन डॉ. रश्मि लता मिश्रा, जोन 20 प्राइड क्लब से वी. श्रद्धा राव व विजय राव तथा कैपिटल क्लब की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की अध्यक्ष संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा, सलमा बेगम एवं स्कूल की प्रिंसिपल शाइस्ता बानो का विशेष योगदान रहा।
शिविर के समापन पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की ओर से अध्यक्ष संजना मिश्रा एवं मंजू मिश्रा ने सभी चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया। वहीं रीजन चेयरपर्सन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया।














