तोरवा पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी चंद घंटों में सुलझाई, 01 अपचारी बालक हिरासत में
बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस ने रेल्वे पटरी के पास हुई चौकीदार की अंधी हत्या का त्वरित खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। घटना में प्रयुक्त लोहे का वजनदार हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
दिनांक 03.09.2026 को रेल्वे क्षेत्र में ठेकेदारी कार्य के चौकीदार नरेश गुप्ता (उम्र 35 वर्ष, मूल निवासी बिहार, हाल निवासी तोरवा) की रात में सिर पर वजनदार वस्तु से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। सूचना पर तोरवा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर (अपराध क्रमांक 483/26, धारा 103(1) बीएनएस) जांच शुरू की।

घटनास्थल के निरीक्षण और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर एक संदेही हाथ में हथौड़ा लिए सोए हुए चौकीदार की ओर जाता दिखाई दिया। संदेही की पहचान बापूनगर निवासी 16 वर्षीय बालक के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके घर के बाथरूम से मिट्टी और खून से सने कपड़े मिले।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अपचारी बालक ने बताया कि कुछ दिन पूर्व साइकिल चलाते समय सड़क का पानी चौकीदार पर गिर गया था, जिस पर चौकीदार ने उसे गाली देकर थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने देर रात सो रहे चौकीदार के सिर पर हथौड़े से 4-5 बार वार कर हत्या कर दी।
आरोपी बालक को बाल न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया है।














