ब्युरो रिपोट हीरा चावराई
शिक्षक दिवस पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के साथ थाना तिल्दा का बल बना ‘साइबर शिक्षक’
साइबर जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
तिल्दा-नेवरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के साथ थाना तिल्दा का बल साइबर जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच पहुंचा और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
‘साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा’ के संदेश के साथ पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को मोबाइल, इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।


OTP शेयर करने से बचें
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी एवं थाना तिल्दा के बल ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। बैंक अथवा किसी सरकारी संस्था के नाम पर फोन आने पर भी पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
अनजान APK लिंक और वीडियो कॉल से रहें सावधान
पुलिस ने अनजान APK लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध फाइल या एप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा अनजान नंबरों से आने वाली WhatsApp वीडियो कॉल एवं संदिग्ध कॉल से भी सावधान रहने को कहा गया।
अधिकृत माध्यम से ही डाउनलोड करें एप
विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल एप्लीकेशन हमेशा अधिकृत वेबसाइट या Play Store/App Store से ही डाउनलोड करें। किसी अनजान लिंक के माध्यम से एप डाउनलोड करने पर मोबाइल की निजी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
शिक्षक दिवस पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के साथ थाना तिल्दा के बल द्वारा निभाई गई ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सीख बनी। पुलिस की इस पहल से छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश मिला।














