बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला अपचारी बालक गिरफ्तार, 70,000 रुपये के जेवर व नकदी बरामद
बिलासपुर: सरकंडा पुलिस ने देवनंदन नगर फेज-2 में हुई चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए एक अपचारी (नाबालिग) बालक को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी सहित कुल 70,000 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।


मामला देवनंदन नगर निवासी श्याम बिहारी गुप्ता के मकान का है। 9 सितंबर 2026 की रात छत के दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने अलमारी में रखे जेवर और 6,000 रुपये नकदी पार कर दिए थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सरकंडा में धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर बालक के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, भूनेश्वरी मरावी, आरक्षक संजीव जांगड़े, आफाक खान एवं विवेक राय की सराहनीय भूमिका रही।














