युवा उड़ान 2026 का आयोजन 22 सितंबर कोजिले के लगभग एक हजार युवा शामिल होंगे
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत विजन-2047’ से जोड़ने तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का राज्य स्तरीय शुभारंभ 31 अगस्त 2026 को जिला बीजापुर से किया गया है। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कांकेर जिले में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर को शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर परिसर में दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग एक हजार युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम की कुल अवधि 2 घंटे 10 मिनट की होगी, इसमें तीन आमंत्रित विषय विशेषज्ञों हेतु 01 घंटा 30 मिनट तथा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव के लिए 40 मिनट निर्धारित की गई है।
परिचर्चा के प्रमुख विषयों में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्य, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विभिन्न विकासात्मक पहलों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए संवाद का अवसर मिलेगा।














