ब्रह्म वनिताएं परशु सेना की बहनों ने धूमधाम से मनाया तीज मिलन उत्सव
बिलासपुर/शहर के एक स्थानीय होटल में ब्रह्म वनिताएं परशु सेना की बहनों द्वारा तीज मिलन उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उत्सव की विशेष बात यह रही कि सभी बहनें ‘पिंक कलर’ की थीम पर एक से बढ़कर एक पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की वंदना और तीज मिलन के सुमधुर गीतों के साथ की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेल और ‘हाउजी’ का आयोजन किया गया। खेलों में विजयी रही प्रतियोगियों को मीनू दुबे द्वारा उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, कार्यक्रम की सफल संयोजिका एवं आयोजक का विशेष सम्मान अर्चना तिवारी द्वारा किया गया। आयोजन में उपस्थित सभी बहनों के लिए स्वादिष्ट स्वल्पाहार की उचित व्यवस्था की गई थी तथा कार्यक्रम के समापन पर सभी को सुहाग सामग्री भेंट की गई।

कार्यक्रम के दौरान समाज की वरिष्ठ सदस्य अरुणा मिश्रा एवं संध्या पांडे ने अपना संदेश देते हुए कहा कि समय-समय पर अपनी सभ्यता, संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा तथा संवर्धन हेतु इस प्रकार के आयोजनों का होना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की जानकारी मिलती है और समाज में एकजुटता बढ़ती है।

इस अवसर पर मीनू दुबे, अर्चना तिवारी, संजना मिश्रा, अरुणा मिश्रा, कविता शर्मा, रश्मि शुक्ला, साधना दुबे, शशि तिवारी, अर्चना शुक्ला, संध्या पांडे, आरती द्विवेदी, संगीता शर्मा, सुषमा पांडे, नीतू तिवारी, प्रेमलता दुबे, ममता मिश्रा, ममता त्रिपाठी और माया तिवारी सहित ब्रह्म वनिताएं परशु सेना की अनेक बहनें उपस्थित रहीं।



