थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: दुकान का शटर तोड़कर तांबा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जिला बदर की तैयारी
तिल्दा-नेवरा (रायपुर): 22 सितंबर 2026रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी राहुल सेन (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 17/08/2026 की रात्रि सुभाष चौक नेवरा स्थित ‘ताज मोटर वाइंडिंग’ दुकान का शटर व ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने लगभग 15-20 किलोग्राम तांबा (कीमत लगभग ₹28,000/-) पार कर दिया था। दुकान मालिक की शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और संदेही राहुल सेन को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से चोरी का तांबा, घटना में प्रयुक्त औजार, चाकू तथा हथौड़ा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा थाना हथबंद (जिला बलौदाबाजार) क्षेत्र में भी चोरी करना सामने आया है, जिस पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 409/2026, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 05/10/2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है।



