मोदी जी के जन्मदिन पर लाखों दीये जलाने को कांग्रेस सेवादल ने बताया तेल की बर्बादी, भजन सिंह गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
बिलासपुर/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद दीए’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सेवादल के जिला महासचिव एवं रेलवे शांति समिति के अध्यक्ष भजन सिंह गांधी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है।
कार्यक्रम के दौरान देशवासियों को संदेश देते हुए भजन सिंह गांधी ने कहा कि एक तरफ सरकार आम जनता को “तेल बचाओ, पेट्रोल बचाओ और गैस बचाओ” का पाठ पढ़ाती है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लाखों दीये जलाकर हजारों लीटर तेल की खुलेआम बर्बादी की जा रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी बड़ी मात्रा में तेल बहाने से बर्बादी नहीं होती? भजन सिंह गांधी ने कहा कि सरकार देशवासियों को केवल भ्रम में रख रही है। एक तरफ महंगाई से आम जनता का बजट बिगड़ चुका है—पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं—और दूसरी तरफ फिजूलखर्च के ऐसे आयोजन कर जनता की गाढ़ी कमाई और संसाधनों का मजाक उड़ाया जा रहा है।
उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे इस भ्रम और दिखावे की राजनीति को समझें तथा देश के वास्तविक मुद्दों जैसे महंगाई और संसाधनों के सही उपयोग पर आवाज उठाएं।



