बिलासपुर-शहर/गोलबाजार:
श्री नवयुवक बाल गणेश समिति का 25वां रजत जयंती वर्ष अत्यंत गौरवपूर्ण और भव्य स्वरूप में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर समिति द्वारा बनाए गए गणेशोत्सव पंडाल में श्रद्धालुओं को प्रत्यक्ष वृंदावन धाम की अलौकिक अनुभूति और झलक देखने को मिली, जो पूरे शहर में आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। उत्सव के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महोत्सव के सफल समापन के उपलक्ष्य में समिति की ओर से आज एक भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। इस महाप्रसाद में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। पूरे दिन चले इस भंडारे में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सहयोगियों और शहरवासियों का जताया आभार
समिति के पदाधिकारियों ने इस 25वें गौरवशाली वर्ष के ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए गोलबाजार के सभी व्यापारी प्रतिष्ठानों, क्षेत्रवासियों एवं शहरवासियों का सह्रदय आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से कहा गया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और श्रद्धालुओं के निरंतर सहयोग से ही यह आयोजन हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा है। समिति ने संकल्प जताया कि शहरवासियों के इसी प्रेम और सहयोग के बल पर आने वाले वर्षों में भी इससे भी अधिक भव्य और दिव्य आयोजनों की परंपरा निरंतर जारी रहेगी।
आयोजन के दौरान समिति के सभी सदस्य, सेवादार और स्थानीय नागरिक व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।



