सरपंच-सचिव के खिलाफ शिकायत पर जांच के आदेश, सागर पंचायत के कार्यों की होगी पड़ताल
चकरभाठा/सकर्रा। ग्राम पंचायत सागर के सरपंच-सचिव के खिलाफ पंचायत कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता की शिकायत के बाद जनपद पंचायत तखतपुर ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की बिंदुवार जांच कर 7 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत में पंचायत के कार्यों में वित्तीय अनियमितता सहित विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के आधार पर जनपद पंचायत तखतपुर कार्यालय ने 16 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को शिकायत की मूल प्रति के आधार पर दस्तावेजों एवं पंचायत के कार्यों की जांच कर निर्धारित अवधि में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा उपसंचालक पंचायत को भी भेजी गई है।
जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
अब जांच के दौरान पंचायत के अभिलेख, संबंधित दस्तावेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की बिंदुवार पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



