संभागीय ब्यूरो चीफ राहुल खटवानी
मारकाटोला घाट में भीषण सड़क दुर्घटना, ट्रक की चपेट में आने से 4 लोगों की दुखद मृत्यु
चारामा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मारकाटोला घाट में शुक्रवार को एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ। अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार ट्रक ने एक डीजे लदे पिकअप वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और उसके ऊपर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में पिकअप में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय चारामा पुलिस और राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। प्राथमिक स्तर पर मृतकों की पहचान की कार्यवाही की जा रही है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



