आंगन मिलन में दिखा महिलाओं का हुनर, कविता यादव ने बढ़ाया उत्साह। संवाददाता अश्वनी यादव
बिलासपुर/चकरभाठा। ग्राम पंचायत कोडापुरी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में गुरुवार को सेवा संकल्प एवं आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 13 तखतपुर श्रीमती कविता महेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने रंग-बिरंगी रंगोली और आकर्षक मेहंदी डिजाइन के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि श्रीमती कविता महेश यादव ने महिलाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपनी कला और हुनर दिखाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा भी की।

श्रीमती यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां होने वाली रचनात्मक एवं सामुदायिक गतिविधियों से आपसी जुड़ाव बढ़ता है। उन्होंने महिलाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और बच्चों के विकास से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चैती साहू, सहायिका शैल यादव, कार्यक्रम की प्रवक्ता लक्ष्मी देवी जायसवाल, नंदनी साहू, सुहागा श्रीवास, ग्राम पंचायत की सरपंच कविता साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र का परिसर महिलाओं और बच्चों की सहभागिता से उत्साह और उमंग से भरा रहा।



