महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश के लिए मुख्यमंत्री का आभार, युवा पीढ़ी और छत्तीसगढ़ के विकास में अग्रवाल समाज की भूमिका पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिला अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल; महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने पर हुआ संवाद
रायपुर। महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय अवकाश घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केवल आभार व्यक्त करने तक सीमित न रहते हुए युवा पीढ़ी, सामाजिक सहभागिता, महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और छत्तीसगढ़ के विकास में अग्रवाल समाज की भूमिका सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष युवाओं को समाजसेवा एवं सामाजिक दायित्वों से अधिक से अधिक जोड़ने के विषय पर अपने विचार रखे। चर्चा में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के समानता, सहयोग, सेवा, समरसता और लोककल्याण के सिद्धांतों से परिचित कराते हुए उन्हें समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
सम्मेलन के पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन दर्शन एवं आदर्शों को नई पीढ़ी के लिए मूलभूत पाठ के रूप में विकसित करने तथा उनके विचारों को शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों एवं जनजागरण के माध्यम से अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में भी चर्चा की। पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांत केवल अग्रवाल समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समानता, सहयोग और जनकल्याण की व्यापक भावना को मजबूत करते हैं।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास में अग्रवाल समाज की सहभागिता और योगदान पर भी संवाद हुआ। व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन, सेवा कार्य एवं सामाजिक सरोकारों के विभिन्न क्षेत्रों में समाज की भागीदारी तथा भविष्य में प्रदेश के विकास में युवाओं और समाज की भूमिका को और सशक्त बनाने जैसे विषय चर्चा में शामिल रहे।
सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने को समाज के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बसंत मित्तल जी, प्रदेश प्रभारी श्री ईश्वर प्रसाद अग्रवाल जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री रामअवतार अग्रवाल जी, प्रदेश महामंत्री कर्तव्य अग्रवाल जी एवं महेश अग्रवाल जी तथा युवा महामंत्री दीपक अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
जय अग्रसेन • जय अग्रोहा



