मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण के सपनों को किया अभिव्यक्त
उत्तर बस्तर कांकेर, 03 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में देश के प्रति सकारात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति, कल्पनाशीलता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सपनों और कल्पनाओं को चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।


प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय स्तर से विकासखण्ड और उसके बाद जिला स्तर तक किया गया। जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर सहित सभी 7 विकासखण्डों में प्रतियोगिता से संबंधित गतिविधियों में व्यापक सहभागिता रही।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग में 83,855 विद्यार्थी, 1,12,928 पालक व नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधियों सहित कुल 2,06,913 लोगों की सहभागिता रही। वहीं हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी वर्ग में 24,345 विद्यार्थी, 48,690 पालक व नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधियों सहित कुल 83,165 सहभागिता दर्ज की गई। इस प्रकार दोनों वर्गों में कुल 2,90,078 सहभागिता दर्ज हुई।
विद्यार्थियों ने चित्रों और शब्दों में सजाया अपने सपनों का भारत
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचार साझा किए, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी कल्पनाओं के माध्यम से भारत के उज्ज्वल और विकसित भविष्य की तस्वीर उकेरी।

कार्यक्रम में विधायक श्री आशाराम नेताम, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी, जनप्रतिनिधिगण, पालक, नागरिक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
बच्चे देश का भविष्य, शिक्षा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें : श्री आशाराम नेताम
विधायक श्री आशाराम नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत से परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नई तकनीक सीखें, अपनी प्रतिभा और कौशल को विकसित करें : कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित नई तकनीकें शिक्षा और कार्य के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। विद्यार्थियों को इन तकनीकों को समझकर उनका सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर एक विशेष प्रतिभा होती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानते हुए निरंतर सीखने तथा अपने ज्ञान और कौशल का विकास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को केवल सोच तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें लक्ष्य बनाकर निरंतर सीखने और प्रयास करने की आदत विकसित करें।
ये रहे जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता
भाषण प्रतियोगिता—प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम—जागृति साहू, मा.शा. कोदागांव, कांकेर।
द्वितीय—अबिदा नूरी, सेजेस नरहरदेव कांकेर।
तृतीय—नमन पुडो, बालक आश्रम घोड़ागांव, कोयलीबेड़ा।
भाषण प्रतियोगिता—हाई/हायर सेकेण्डरी वर्ग
प्रथम—कु. अंकिता अदिति साहू, प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर।
द्वितीय—कु. करिश्मा पटेल, शा.उ.मा.वि. भेजा, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—तूफान पोताई, उ.मा.वि. ताड़ोकी, अंतागढ़।
चित्रकला प्रतियोगिता—प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम—कु. कृतिशी धाली, मा.शा. ज्ञानामृत पानावार, कोयलीबेड़ा।
द्वितीय—कनिष्क जैन, मा.शा. सेलेगांव, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—कु. इशिका भुआर्य, मा.शा. साधुमिचगांव, दुर्गूकोंदल।
चित्रकला प्रतियोगिता—हाई/हायर सेकेण्डरी वर्ग
प्रथम—कु. रुचि यादव, शा. कन्या उ.मा.वि. कांकेर।
द्वितीय—गुलशन कुंजाम, शा.उ.मा.वि. सेलेगांव, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—जस्मीत कौर, सेजेस, भानुप्रतापपुर।
कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करने और अपने जीवन के लक्ष्यों को लेकर सोचने का अवसर प्रदान किया। आयोजन की सफलता में जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


