सेवा संकल्प शिविर में 68 लोगों को आवास की मंजूरी, जांच से आयुष्मान कार्ड तक मिली सुविधा
संवाददाता:अश्वनी यादव
बिलासपुर/बिल्हा। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत बिल्हा के वार्ड क्रमांक 5 स्थित सांस्कृतिक भवन में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। नगर पंचायत की ओर से आवास निर्माण के लिए 68 भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग की मुख्यमंत्री निःशुल्क श्रम कार्ड योजना के तहत तीन हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भोजन डिब्बे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेण्ड्रे, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि जनकल्याण का संकल्प लेकर सरकार जनता के द्वार पहुंच रही है। सेवा सेतु शिविरों के जरिए लोगों को उनके नजदीक ही शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने रक्तचाप की 42, मधुमेह की 42, सिकल सेल की 36 और खांसी संबंधी 27 जांच सहित दंत एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए। नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। श्रम, खाद्य, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन लेकर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान सभापति मोहन ढोरिया, पार्षदगण, सीएमओ अनीष सिंह ठाकुर, उप अभियंता उमाशंकर सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


