नक्सल प्रभावित तरांदुल में पहली बार जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर, 570 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से हुए लाभान्वित
कलेक्टर ने कहा—नक्सलवाद के अंत के बाद विकास की नई राह पर बढ़ रहा क्षेत्र, 15 दिवस में जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की स्वीकृति के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 04 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भानुप्रतापपुर विकासखंड के सुदूर एवं पहाड़ी क्षेत्र ग्राम तरांदुल में आज जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 570 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नेरेटी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत तरांदुल जैसे दूरस्थ क्षेत्र में सेवा सेतु शिविर का आयोजन शासन की योजनाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है, लेकिन अब क्षेत्र में शांति स्थापित होने के साथ विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा महिलाओं से स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने और लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जब वे भानुप्रतापपुर में एसडीएम के रूप में पदस्थ थे, तब तरांदुल आने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय नक्सल गतिविधियों के कारण यहां पहुंचना संभव नहीं हो सका। आज कलेक्टर के रूप में तरांदुल आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 से नक्सलवाद के अंत के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। अब शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र के सभी जर्जर आंगनबाड़ी भवनों को 15 दिवस के भीतर स्वीकृत करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, पीडीएस भवन तथा धान खरीदी के लिए चबूतरों के निर्माण की स्वीकृति भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 60 करोड़ रुपये के आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की स्वीकृति पूर्व में ही दी जा चुकी है।
उन्होंने महिलाओं से अपनी बेटियों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, एचपीवी वैक्सीन से कोई भी बेटी वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने तथा बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का स्वयं निरीक्षण किया और हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन करते हुए उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों का स्वास्थ्यj परीक्षण सुनिश्चित करने तथा मितानिनों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने तरांदुल में स्वास्थ्य विभाग के अमले की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने के निर्देश बीएमओ को दिए।
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ऐसे हितग्राहियों की पहचान की जाए, जिन्हें पूर्व में विभागीय योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। लाभ प्रदान करने से पहले हितग्राही की रुचि और आवश्यकता की जानकारी लेकर उसी के अनुरूप योजना का लाभ दिलाया जाए।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सूना राम तेता, उपाध्यक्ष श्रीमती निर्मला कवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्री देवेन्द्र टेकाम तथा जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी शिविर को संबोधित करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय जनभागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विभिन्न विभागों की योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित
सेवा सेतु शिविर में खाद्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 20 महिलाओं को लखपति दीदी प्रमाण पत्र, पशुधन विभाग द्वारा चूजा वितरण, 29 हितग्राहियों को जॉब कार्ड तथा 3 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
राजस्व विभाग द्वारा 48 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, 29 को वोटर कार्ड, 8 को निवास प्रमाण पत्र, 5 को आय प्रमाण पत्र, स्वामित्व योजना के तहत 160 हितग्राहियों को लाभ, 2 हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका, 36 हितग्राहियों को बी-1 तथा 43 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को हर घर जल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 महिलाओं की गोद भराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्रासन कराया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को सहायक उपकरण के रूप में छड़ी प्रदान की गई। मत्स्य पालन विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को मछली जाल वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा मिनीमाता महतारी योजना के अंतर्गत 2 बच्चों को 20-20 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।

कृषि विभाग द्वारा नेशनल मिशन फॉर नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र तथा 85 हितग्राहियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। सिंचाई पंप स्थापना के लिए विद्युत कनेक्शन हेतु 12 हितग्राहियों को जल उपलब्धता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को अन्य योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी मौके पर उपलब्ध कराया गया।

शिविर में एस डी एम भानुप्रतापपुर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोनाराम तेता, उपाध्यक्ष श्रीमती निर्मला कवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्री देवेन्द्र टेकाम एवं श्री पीयूष कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


