दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित कोड़ेकुर्से में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को मौके पर ही आवेदनों की स्थिति और निराकरण की जानकारी देने के दिए निर्देश
वन अधिकार पट्टाधारक कृषकों के उत्तराधिकारियों के नाम नामांतरण, स्कूल-आंगनबाड़ी भवन, बालिका शौचालय सहित विभिन्न कार्यों के लिए दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्गूकोंदल विकासखंड के दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम कोड़ेकुर्से में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मोहला-मानपुर जिले की सीमा से लगे इस क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के लंबे दौर के बाद जिला स्तर पर इतने बड़े स्तर पर आयोजित यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लिया तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
सेवा सेतु शिविर की विशेष पहल के तहत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति और उनके निराकरण की जानकारी संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही ग्रामीणों के समक्ष दिलाई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निराकृत किया जाए। इस दौरान कई आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर को संबोधित करते हुए अधिकारी-कर्मचारियों को सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। साथ ही जल संचयन और पानी की बचत को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जल संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आव्हान किया।
वन अधिकार पट्टाधारकों के उत्तराधिकारियों के नाम होगा नामांतरण
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनसमस्याओं के निराकरण के दौरान निर्देश दिए कि ऐसे वन अधिकार मान्यता पत्रधारी परिवार, जिनके मुखिया के नाम पर वन अधिकार पट्टा दर्ज है और मुखिया की मृत्यु हो चुकी है, उनके उत्तराधिकारियों के नाम पर नियमानुसार नामांतरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों को चिन्हांकित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वीबी-जी रामजी योजना के तहत जर्जर आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवन स्वीकृत करने, 13 ग्राम पंचायतों में आवश्यकता वाले स्कूलों में बालिका शौचालय की स्वीकृति, कोड़ेकुर्से सहित अन्य ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम, आंगनबाड़ी भवन एवं पीडीएस गोदाम स्वीकृत करने के निर्देश दिए।


दुर्गूकोंदल स्थित पोस्टमार्टम कक्ष के खराब होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने नए भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए भी ग्रामीणों से अपील की।
कोड़ेकुर्से स्वास्थ्य केंद्र में सप्ताह में चार दिन चिकित्सक की सेवा
ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कोड़ेकुर्से स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। चिकित्सक सप्ताह में चार दिन स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे तथा रात्रि विश्राम भी कोड़ेकुर्से में ही करेंगे। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने में सहूलियत होगी।


श्री सतीश लाटिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित ग्राम कोड़ेकुर्से में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया है। ग्रामीण शिविर में उपलब्ध विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लें। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया है, जिसमें ग्रामीण अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है और ऐसी परिस्थितियों में यहां आवागमन भी चुनौतीपूर्ण था। अब क्षेत्र में सुरक्षा एवं विकास गतिविधियों के विस्तार के साथ ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच बढ़ रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनने का आव्हान किया।
जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी शिविर को संबोधित करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने का आव्हान किया।
विभिन्न योजनाओं से ग्रामीण हुए लाभान्वित
शिविर में उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को गेंदे के पौधे तथा 3 किसानों को सब्जी बीज वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 22 हितग्राहियों को आबादी पट्टा प्रदान किया गया। 8 बच्चों को निवास प्रमाण पत्र, 12 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र तथा 7 बच्चों को आय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 दिव्यांग विद्यार्थियों को मोबाइल, 5 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, 1 हितग्राही को व्हीलचेयर तथा 3 हितग्राहियों को चश्मा वितरित किया गया।
कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को रागी बीज मिनी किट, 11 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 5 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 महिलाओं की गोद भराई, 5 बच्चों का अन्नप्राशन, 3 हितग्राहियों को पोषण किट वितरण तथा 3 बच्चों का जन्मदिन मनाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं सहायिकाओं सहित 9 कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा 5 छोटे बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
पशुधन विकास विभाग द्वारा 15 पशुपालकों को फर्टिलिटी किट तथा 3 हितग्राहियों को नर बकरा वितरित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 34 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 15 हितग्राहियों को जॉब कार्ड तथा 15 महिलाओं को लखपति दीदी सम्मान पत्र प्रदान किए गए। 60 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति दी गई। श्रम विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को श्रम कार्ड तथा 1 हितग्राही को मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर दुर्गूकोंदल जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ई, अनिकेत अशोक फड़तरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


