सेवा सेतु शिविर में 162 आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
प्रधानमंत्री आवास के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 19 को आयुष्मान कार्ड वितरित
उत्तर बस्तर कांकेर, 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान 162 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई तथा 19 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 67 पेंशन प्रकरण स्वीकृत किए गए। मत्स्य विभाग द्वारा 5 कृषकों को आइस बॉक्स एवं जाल, कृषि विभाग द्वारा 10 कृषकों को रागी बीज एवं 6 किसानों को उड़द बीज वितरित किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा 20 हितग्राहियों को पौधों का वितरण किया गया।
जल संसाधन विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के बेहतर संचालन के लिए 3 ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। बिहान योजना के अंतर्गत 18 महिलाओं को ऋण स्वीकृति प्रदान की गई तथा 19 लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 9 पशुपालकों को फर्टिलिटी किट प्रदान किए गए। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।


योजनाओं का लाभ उठाकर गांवों को बनाएं विकसित – विधायक श्री नेताम
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं को समझकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। विधायक श्री नेताम ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, पीडीएस गोदाम, पंचायत भवन एवं राशन दुकान निर्माण के लिए आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को विकसित गांव बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प में प्रत्येक गांव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, पानी की बचत करने तथा वनों को कटने से बचाने की अपील भी की।
बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें – कलेक्टर
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाने तथा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगवाने की अपील की। कलेक्टर ने अधिकारियों को बाल आधार सेवा शिविर नियमित रूप से आयोजित करने, पीएम सूर्य घर योजना से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा शत-प्रतिशत स्कूली बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोमन सिंह कावड़े एवं उपाध्यक्ष श्री संजू गोपाल साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


