सेवा सेतु शिविर बना मददगार, साढ़े चार माह के बच्चे का मौके पर ही हुआ आधार पंजीयन
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की पहल ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। इसी कड़ी में ग्राम माहला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में बुधान्दंड निवासी श्रीमती सुनीता निषाद, पति श्री महेश निषाद, ने अपने साढ़े चार माह के बच्चे का तत्काल आधार पंजीयन कराया।
श्रीमती सुनीता निषाद ने बताया कि छोटे बच्चे की देखभाल के कारण वे आधार पंजीयन कराने के लिए शहर नहीं जा पा रही थीं। ऐसे में जब सेवा सेतु शिविर उनके गांव के आसपास ही आयोजित हुआ, तो वे अपने बच्चे को लेकर शिविर पहुंचीं और उनका काम आसानी से हो गया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों के लिए काफी सुविधाजनक है। गांव के पास ही शिविर आयोजित होने से उन्हें शहर जाने की परेशानी से राहत मिली। उन्होंने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


