लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने रतनपुर महामाया मंदिर में 108 लोगों को कराया भोजन, जरूरतमंद महिलाओं को बांटी साड़ियां व किया वृक्षारोपण
बिलासपुर/रतनपुर:नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित मां महामाया देवी मंदिर में दर्शन-पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वसुंधरा परिवार ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की।


क्लब के स्थायी ‘हंगर प्रोजेक्ट’ के तहत महामाया मंदिर ट्रस्ट रतनपुर में अनुदान राशि जमा कर 108 जरूरतमंद लोगों एवं श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भरपेट भोजन कराया गया। उल्लेखनीय है कि लायंस क्लब वसुंधरा द्वारा हंगर प्रोजेक्ट को स्थायी रूप से संचालित किया जाता है, जिसके तहत निरंतर अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।


अपनी सेवा भावना को और आगे बढ़ाते हुए क्लब की अध्यक्ष संजना मिश्रा की ओर से 11 गरीब व जरूरतमंद महिलाओं को सम्मानपूर्वक साड़ियां एवं माता रानी की चुनरी भेंट स्वरूप प्रदान की गई।
इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए वसुंधरा क्लब के पदाधिकारियों ने रतनपुर महामाया मंदिर प्रांगण में 10 आयुर्वेदिक एवं छायादार विशाल वृक्षों के पौधे रोपे और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में उपस्थिति एवं योगदान:
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस भव्य सेवा कार्य में रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन रश्मि लता मिश्रा, अध्यक्ष संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा, कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप, सावित्री जायसवाल, मंजू तिवारी, मंजुला शिंदे, डॉ. अंबुज पांडे, उषा मुदलियार, सुधा परिहार, चांदनी सक्सेना, किरण बाजपेई एवं हंसा सेलारका सहित वसुंधरा परिवार के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा अपनी सेवा गतिविधियों के साथ-साथ सनातन धर्म, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण को महत्व देते हुए समाज सेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है।


