संवाददाता रुपचंद अग्रवाल
बिलासपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन बाज’ को मिली बड़ी सफलता, एक हफ्ते में 4 स्थायी वारंट तामिल
बिलासपुर:जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना बिल्हा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। इस तरह पुलिस ने महज एक हफ्ते के भीतर कुल 4 स्थायी वारंट तामिल करने में सफलता पाई है।
पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर (भा.पु.से.) श्री रजनेश सिंह द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की शीघ्र तामिली के सख्त निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा स्तर पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मैदानी सुरागकशी के आधार पर दबिश देकर दो स्थायी वारंटियों को धर दबोचा:
मनमोहन कोसले (पिता कुजराम कोसले, निवासी- सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर) भाउराम जांगडे (पिता दयाराम जांगडे, निवासी- बिटकुली, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर)
गिरफ्तार किए गए दोनों स्थायी वारंटियों को आज दिनांक 15.10.2026 को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार वारंटियों के खिलाफ इस तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
विशेष योगदान:
इस पूरी सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, आरक्षक प्रताप साहू (क्रमांक 886) तथा आरक्षक नरसिंह राज (क्रमांक 276) की भूमिका अत्यंत सराहनीय और विशेष रही।


