साइबर ठगी एवं म्यूल अकाउंट फर्जीवाड़ा: थाना सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 01 आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी।
नाम गिरफ्तार आरोपी: संजय कुमार साहू, पिता शिवकुमार साहू (उम्र 35 वर्ष), निवासी- सेमरताल, गांधी चौक, थाना कोनी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
बिलासपुर पुलिस मुख्यालय रायपुर एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में संचालित फर्जी एवं संदिग्ध म्यूल खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, भारत शासन के पुलिस पोर्टल समन्वय (JMIS) के माध्यम से IDFC FIRST BANK के एक संदिग्ध बैंक खाता (क्रमांक: 10216095723) के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच में यह बात सामने आई कि उक्त खाते में कुल 11 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं, जिसके जरिए भारी मात्रा में फ्रॉड की राशि जमा और स्थानांतरित की गई थी। जांच में पाया गया कि यह संदिग्ध खाता “साहू बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर” के नाम से पंजीकृत है, जिसका प्रोपराइटर संजय कुमार साहू है।
आरोपी संजय कुमार साहू ने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपियों द्वारा विभिन्न प्रलोभन देकर और साइबर धोखाधड़ी के जरिए पीड़ितों के पैसों को अपने म्यूल बैंक खातों (IDFC FIRST BANK एवं SBI) में ट्रांसफर कराया जाता था। इसके पश्चात, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) के माध्यम से राशि आहरित (Withdraw) कर आपस में बांट ली जाती थी।
पुलिस कार्रवाई एवं जप्ती:
मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1485/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई:
श्री रजनेश सिंह (पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर) श्री पंकज पटेल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर) एवं श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव (नगर पुलिस अधीक्षक, सरकंडा) नेतृत्व: थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य एवं सरकंडा पुलिस टीम
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी संजय कुमार साहू को हिरासत में लिया। गवाहों के समक्ष पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से IDFC FIRST BANK एवं SBI के बैंक खाते जप्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में शामिल फरार अन्य आरोपी की तलाश तेजी से की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


