वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता पर जोर, कलेक्टर ने किया जिला कोषालय का निरीक्षण
बिलासपुर, रिपोर्टर अश्वनी यादव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला कोषालय का छमाही निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डबल लॉक व्यवस्था का भौतिक सत्यापन कर पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की। कलेक्टर ने स्टाम्प एवं टिकटों के संधारण, बिल पारित करने की प्रक्रिया, पेंशन भुगतान और लेखा संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए वित्तीय अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप करने, अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने तथा बिलों और पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी बसंत गुलेरी, सहायक कोषालय अधिकारी सुजीत कुमार पात्रे, खजांची ज्ञानू भारद्वाज, के.के. यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


