सामाजिक समरसता पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को दिया एकता और भाईचारे का संदेश
बिलासपुर/तखतपुर। सवाददाता:अश्वनी यादव |समरसता मानव सेवा समिति तखतपुर के तत्वावधान में ग्राम पंचायत खजुरी स्थित हाईस्कूल परिसर में सामाजिक समरसता विषय पर निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता, समानता, आपसी सद्भाव और भाईचारे से जुड़े विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती अंबिका विनोद साहू एवं श्री अतुल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सरपंच श्रीमती राधा अविनाश वर्मा उपस्थित रहीं। निर्णायक मंडल में श्रीमती अंबिका विनोद साहू, श्रीमती उषा बरैहा खांडे एवं श्री के.एस. रतन शामिल रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति एकता और आपसी सद्भाव में निहित है। जाति-वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और समानता की भावना अपनाने का संदेश दिया। समाजसेवी श्री शिव धुर्वे ने भी सामाजिक समरसता के महत्व पर विचार रखे।


कार्यक्रम के आयोजक श्री मोती लाल यादव एवं श्री गणेश कर्मकार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री दीपक सिंह ने घोषणा की कि समिति द्वारा आगामी समय में विद्यालय स्तर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। विद्यालय परिवार से श्री हुकमीचंद भास्कर, श्री एल.पी. कमलेश, श्री जे.के. साहू, श्री उमेश कौशिक, प्रधान पाठक श्री तीरथ राम साहू, श्री सुनील कुर्रे, श्री एम.आर. यादव एवं श्री कमल कौशिक सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। समापन अवसर पर आयोजक मोती लाल यादव ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज में समानता, समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।



