मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आमनिस्तार भूमि से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत, बेदखली आदेश के क्रियान्वयन की मांग
बिलासपुर/तखतपुर । ग्राम पंचायत सागर में सार्वजनिक एवं आमनिस्तार भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पूर्व सरपंच एवं शिकायतकर्ता जगदीश लाठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए आमनिस्तार भूमि से अवैध कब्जा हटाने तथा तहसीलदार न्यायालय द्वारा पारित बेदखली एवं स्थगन आदेश का तत्काल निष्पादन कराने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, आंगनबाड़ी, कांजीहाउस, गौठान, दैहान, बस्तियों की चराई भूमि सहित सार्वजनिक उपयोग की जमीन सुरक्षित रही है, जिसका उपयोग समस्त ग्रामवासी करते आ रहे हैं। आरोप है कि अनिल यादव द्वारा दैहान भूमि पर मकान एवं बाड़ी बनाकर, राजेश कुमार एवं पंचू केवट द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मकान-बाड़ी बनाकर तथा लक्ष्मी केवट द्वारा सागर मेला पहुंच मार्ग पर मकान का विस्तार कर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया गया है। इससे ग्रामीणों के आमनिस्तार और सार्वजनिक सुविधाओं पर असर पड़ रहा है।



शिकायतकर्ता के अनुसार, इस मामले में पूर्व में तहसीलदार तखतपुर न्यायालय एवं उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत की गई थी, जिस पर बेदखली एवं स्थगन आदेश पारित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक संबंधित भूमि से कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जगदीश लाठिया ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की है कि पारित आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सार्वजनिक एवं आमनिस्तार भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को उनके पारंपरिक सार्वजनिक उपयोग के अधिकार मिल सकें।




