किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर तकनीकी शिक्षा की बारीकियां सीख रहे विद्यार्थी, LCIT का किया शैक्षणिक भ्रमण
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकर्रा के विद्यार्थियों ने आधुनिक लैब, वर्कशॉप और डिजिटल लाइब्रेरी का किया अवलोकन, विशेषज्ञों से मिला करियर मार्गदर्शन
बिलासपुर/सकरी l जिला रिपोर्टर अश्वनी यादव l शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकर्रा के विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय औद्योगिक एवं शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिलासपुर स्थित लक्ष्मीचंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (LCIT) का भ्रमण कर आधुनिक तकनीक, इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा की बारीकियों को करीब से समझा।

आधुनिक तकनीक से रूबरू हुए विद्यार्थी
LCIT पहुंचने पर संस्थान प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों को विभिन्न आधुनिक प्रयोगशालाओं, वर्कशॉप, कंप्यूटर सेंटर एवं डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन कराया गया। संस्थान के विशेषज्ञों ने इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, प्रबंधन और विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने मशीनों एवं आधुनिक उपकरणों के संबंध में जिज्ञासापूर्वक सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया। साथ ही कक्षा 12वीं के बाद उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के अवसरों की जानकारी भी दी गई।


शिक्षकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ भ्रमण
इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमाकांत पांडे, व्यावसायिक शिक्षक मनोज कुमार कौशिक, व्याख्याता संतोष कुमार क्षत्री, व्याख्याता संजीत कुमार मिश्रा तथा सहयोगी कमलेश रॉय एवं सुरेश कुमार कर्ष का विशेष योगदान एवं सराहनीय सहयोग रहा। शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन में समझने का अवसर मिलता है तथा उनमें तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि और भविष्य में बेहतर करियर चुनने का आत्मविश्वास विकसित होता है। अंत में विद्यालय परिवार ने LCIT प्रबंधन एवं सहयोगी प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।





