5 नवंबर को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव
बिलासपुर l संवाददाता: अश्वनी यादव l छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनीक यादव एवं राजनीतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री तीरथ यादव 5 नवंबर 2026, गुरुवार को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। वे भिलाई से सड़क मार्ग के जरिए रायपुर होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे। प्रवास के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समाज के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से सौजन्य भेंट-मुलाकात करेंगे। इस दौरान बिलासपुर जिले के प्रदेश, जिला, महानगर, तहसील एवं इकाई स्तर के पदाधिकारियों तथा परिक्षेत्रीय अध्यक्षों को प्रदेश अध्यक्ष के प्रोटोकॉल एवं स्वागत व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

आपत्तिजनक सूचना बोर्ड के खिलाफ कराएंगे एफआईआर: प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनीक यादव रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित शीतला माता मंदिर में पुजारी नीरज सैनी द्वारा लगाए गए सूचना बोर्ड पर रौताइन समाज की महिलाओं को लेकर लिखे गए कथित आपत्तिजनक शब्दों के विरोध में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई करेंगे। बोर्ड पर लिखे गए शब्दों को समाज की महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध बताते हुए इस मामले में कानूनी कार्रवाई की पहल की जाएगी। इसके साथ ही वे समाजजनों से मुलाकात कर सामाजिक गतिविधियों, संगठनात्मक विषयों तथा समाज के विकास, एकजुटता और मजबूती से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के बिलासपुर जिला अध्यक्ष श्री दीपक यादव के शंकर नगर स्थित निवास पर उनके पुत्र रवि यादव के शोक कार्यक्रम में शामिल होकर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त करेंगे।
संगठनात्मक एकजुटता को मिलेगा बल: प्रदेश अध्यक्ष के इस प्रवास को सामाजिक संवाद, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर बिलासपुर जिले के समाजजनों एवं पदाधिकारियों में उत्साह है। उक्त जानकारी बिलासपुर महानगर अध्यक्ष ओंकार यादव एवं परदेशी यादव ने दी है।





