रायपुर में पुरुष भी अब ग्रूमिंग पर खर्च कर रहे हैं हजारों, डॉ. सुनील कालडा बोले – अब शेविंग तक सीमित नहीं है ग्रूमिंग
रायपुर। रूप चौदस पर खूबसूरत दिखने की तैयारी अब सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं रह गई है। इस बदलाव पर प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. सुनील कालडा ने कहा कि रायपुर के पुरुष अब ग्रूमिंग को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। कभी हेयरकट और शेविंग तक सीमित रहने वाली मेंस ग्रूमिंग अब हेयर स्पा, फेस क्लीनअप, बॉडी पॉलिशिंग, लेजर ट्रीटमेंट और हेयर ट्रांसप्लांट तक पहुंच गई है।
डॉ. कालडा ने बताया कि पुरुष अब सिर्फ त्योहार या शादी से पहले ही तैयार नहीं होते, बल्कि हर महीने नियमित रूप से ग्रूमिंग पर हजारों रुपये खर्च कर रहे हैं। पिछले दो साल में खासकर 18 से 35 साल के युवाओं में स्किन और हेयर केयर को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ी है। रेगुलर ग्रूमिंग पर वे हर महीने 5 से 20 हजार रुपये तक खर्च कर रहे हैं, जो जरूरत के हिसाब से 30 हजार तक पहुंच जाता है।
अब शेविंग तक सीमित नहीं ग्रूमिंग
डॉ. कालडा के मुताबिक पहले पुरुषों की ग्रूमिंग का मतलब सिर्फ हेयरकट और शेविंग समझा जाता था। अब यह सोच पूरी तरह बदल गई है। पुरुष अब अपने चेहरे, बालों, त्वचा और पूरे शरीर की देखभाल पर ध्यान दे रहे हैं। हेयर स्पा, हेड मसाज, फेस क्लीनअप, फेशियल, बॉडी पॉलिशिंग, मैनीक्योर, पेडीक्योर जैसी सेवाएं आम हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि पुरुष अब महीने में दो से तीन बार सैलून जा रहे हैं। कामकाजी युवा, कॉलेज के छात्र, बिजनेस करने वाले लोग और शादी की तैयारी कर रहे युवक ग्रूमिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा मानने लगे हैं। सोशल मीडिया पर अच्छी तस्वीरें डालना, ऑफिस में अच्छा दिखना और आत्मविश्वास बनाए रखना भी इसकी बड़ी वजह है।
बोटॉक्स-फिलर्स से लेकर हेयर ट्रांसप्लांट तक बढ़ी मांग
डॉ. सुनील कालडा ने बताया कि पुरुष अब लेजर फेशियल, हाइड्रा और कार्बन फेशियल जैसे स्किन ट्रीटमेंट ले रहे हैं। हेयर फॉल के लिए पीआरपी, जीएफसी और हेयर ट्रांसप्लांट तक करा रहे हैं। चेहरे-गर्दन के अनचाहे बालों के लिए लेजर हेयर रिमूवल में भी रुचि बढ़ी है। बोटॉक्स, फिलर्स जैसे एस्थेटिक प्रोसीजर भी इस बदलते ट्रेंड का हिस्सा बन गए हैं।
डॉ. कालडा के अनुसार पुरुषों में सबसे ज्यादा मांग हेयर से जुड़े ट्रीटमेंट की है। बाल झड़ना, गंजापन, डैंड्रफ और रूखे बालों की समस्या को लेकर युवा काफी चिंतित रहते हैं। इसके बाद स्किन ट्रीटमेंट की मांग है। दाग-धब्बे, टैनिंग, पिंपल्स के निशान और असमान रंगत को लेकर पुरुष क्लीनिक पहुंच रहे हैं।
महीने का बजट भी बढ़ा
डॉ. कालडा ने बताया कि सैलून में सामान्य हेयरकट, शेविंग, क्लीनअप और हेयर स्पा पर महीने में 2 से 5 हजार रुपये खर्च होते हैं। वहीं क्लीनिक में पीआरपी, लेजर और फेशियल जैसे ट्रीटमेंट पर खर्च ज्यादा होता है। एडवांस ट्रीटमेंट में खर्च 20-30 हजार से लेकर एक लाख रुपये या इससे ज्यादा भी हो सकता है। शादी से पहले पुरुष एक से दो लाख रुपये तक का पैकेज भी ले रहे हैं, जिसमें स्किन, हेयर, बॉडी और डाइट से जुड़ी पूरी तैयारी शामिल होती है।

उन्होंने कहा कि पुरुष अब कीमत से ज्यादा रिजल्ट और क्वालिटी को महत्व दे रहे हैं। वे ब्रांडेड प्रोडक्ट, अच्छी मशीन और अनुभवी डॉक्टर को प्राथमिकता दे रहे हैं।
ग्लोबल ट्रेंड में भी भारत की मौजूदगी बढ़ी
डॉ. कालडा ने बताया कि एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जरी ग्लोबल सर्वे 2023 के मुताबिक भारत में करीब 10.28 लाख एस्थेटिक प्रोसीजर रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें लगभग 4.97 लाख नॉन-सर्जिकल थे। इससे पता चलता है कि भारत अब दुनिया के बड़े एस्थेटिक मार्केट में शामिल हो गया है। रायपुर जैसे शहरों में भी अब आधुनिक मशीनें, प्रशिक्षित स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं। सोशल मीडिया, फिल्में, वेब सीरीज और इन्फ्लुएंसर कल्चर ने इस ट्रेंड को और तेज किया है।

डॉ. कालडा की सलाह – बिना डॉक्टर की सलाह के ट्रीटमेंट न कराएं
डॉ. सुनील कालडा ने सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि मेडिकल ट्रीटमेंट से पहले क्वालिफाइड डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। हर व्यक्ति की स्किन और बालों की समस्या अलग होती है, इसलिए एक ही ट्रीटमेंट सबके लिए सही नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि सस्ते ऑफर, बिना लाइसेंस वाले सेंटर और नकली प्रोडक्ट से बचना चाहिए। लेजर, बोटॉक्स, फिलर्स और हेयर ट्रांसप्लांट जैसे ट्रीटमेंट हमेशा प्रशिक्षित और अनुभवी डॉक्टर से ही कराने चाहिए। ट्रीटमेंट के बाद डॉक्टर की बताई गई देखभाल और परहेज का पालन करना भी उतना ही जरूरी है।






I just like the helpful information you provide in your articles