सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 55 पाव देशी मदिरा और मोटरसाइकिल जब्त
बिलासपुर जिले के थाना सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 55 पाव देशी मदिरा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को थाना सिरगिट्टी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लव भार्गव अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 CG 4363) पर अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब लेकर आभा पावर प्लांट के रास्ते कोरमी जाने वाला है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आभा पावर प्लांट के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने सावधानीपूर्वक घेरकर हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान लव प्रसाद भार्गव (29 वर्ष) और दुर्गेश बंजारे (35 वर्ष) दोनों निवासी कोरमी, सतनामी पारा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 55 पाव देशी मदिरा (कीमत लगभग 4,400 रुपये) और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 24,400 रुपये) जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 845/26, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





