बिलासपुर: नगर निगम में शामिल हुए 7 वर्ष बीत जाने के बाद भी विकास की राह तक रहे दोमुहानी के वार्डवासियों का आक्रोश आखिरकार सामने आ ही गया। बिजली, पानी और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे क्षेत्रीय निवासियों ने उमाशंकर साहू के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोमुहानी को वार्ड क्रमांक 43 से पृथक कर एक स्वतंत्र वार्ड घोषित करने की पुरजोर मांग रखी।
7 साल बाद भी सुविधाएं शून्य, व्यवस्था चरमराई
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम का हिस्सा बने इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में कोई भी बुनियादी विकास कार्य नहीं हुआ है। पीने के साफ पानी से लेकर सड़कों पर बहती नालियां और खंभों पर लटकते तार निगम के दावों की पोल खोल रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन की अनदेखी से नाराज लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोमुहानी को स्वतंत्र वार्ड का दर्जा नहीं मिलता, तब तक उनका समुचित विकास संभव नहीं है।
ट्रैफिक का भारी दबाव, दुर्घटनाओं की आशंका
ज्ञापन में क्षेत्र की एक और विकराल समस्या—यातायात व्यवस्था पर चिंता जाहिर की गई। दोमुहानी क्षेत्र के समीप ही चौकसे कॉलेज और होली क्रॉस स्कूल स्थित होने के कारण रोजाना सुबह और शाम सड़कों पर भारी ट्रैफिक का दबाव बना रहता है। स्कूल-कॉलेज की गाड़ियों और आम लोगों की आवाजाही से संकरी सड़कों पर घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले राहगीरों और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वतंत्र वार्ड बनाने से ही सुधरेगी स्थिति
उमाशंकर साहू और क्षेत्रीय वार्डवासियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि दोमुहानी को पृथक स्वतंत्र वार्ड बनाने से प्रशासनिक ध्यान केंद्रित होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। यदि जल्द ही उनकी मांगों और क्षेत्र के यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वार्डवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।





