
रिपोर्टर — सुरज पुरेना
बिलासपुर न्यूज / इस बार धान खरीदी के लिए शासन ने नया सिस्टम लागू किया है। किसानों का पंजीयन अब एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बनाई जाएगी। खास बात यह है कि इस बार किस खेत से धान बेचा जाएगा, उसकी भी जानकारी फार्म में भरनी होगी।
पिछले साल जिले में करीब 1 लाख 25 हजार किसानों ने धान खरीदी के लिए पंजीयन कराया था। इस बार नए सिस्टम के तहत अब तक 1 लाख 9 हजार किसानों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। शेष किसानों का पंजीयन अभी जारी है। कृषि विभाग का कहना है कि इस बार किसानों को और पारदर्शी व्यवस्था मिलेगी।
धान खरीदी केंद्रों में पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा खरीदी केंद्रों की समीक्षा की जा रही है। पिछले साल खरीदी के दौरान जो दिक्कतें सामने आई थीं, उन्हें दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसानों को सुविधा देने के लिए खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं और बेहतर बनाई जाएंगी।
इसके अलावा शासन की ओर से जो भी नए दिशा-निर्देश जारी होंगे, उनका पालन सख्ती से किया जाएगा। विभाग का दावा है कि इस बार किसानों को पंजीयन से लेकर धान बेचने तक की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी।
➡️ अब तक 1.09 लाख किसान पंजीकृत।
➡️ खेत की जानकारी भरना अनिवार्य।
➡️ खरीदी केंद्रों की तैयारियां शुरू।
इस नई व्यवस्था से किसानों को खरीदी में पारदर्शिता और समय पर भुगतान की सुविधा मिलने की उम्मीद है।