स्कूल–कॉलेज के आसपास छपरी व बदमाश युवकों पर पुलिस का एक्शन, नॉर्थ जोन में चला विशेष अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ जोन के निर्देशन में बुधवार को असामाजिक तत्वों, बदमाशों एवं छपरी प्रवृत्ति के युवकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य स्कूल–कॉलेज परिसरों के आसपास अनुशासन बनाए रखना तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

अभियान के दौरान स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े रहने वाले युवकों तथा सामने स्थित पान ठेलों पर भीड़ लगाकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त युवकों को समझाइश दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की।

यह विशेष अभियान थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत संचालित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास असामाजिक गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सार्वजनिक शांति बनी रहे और छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


