मस्तूरी में पत्रकारों से अभद्र व्यवहार, सवाल पूछने पर सरपंच पति भड़के

जिला बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब दो पत्रकार अपने क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार पत्रकार मस्तूरी के जयराम नगर मोड़ के पास पहुंचे, जहां एक बोर खनन कार्य चल रहा था।
पत्रकारों ने मौके पर रुककर सामान्य रूप से पूछा कि यह बोर खनन सरकारी कार्य है या निजी, तथा इसकी लागत कितनी है। इतना पूछते ही वहां मौजूद सरपंच पति अचानक भड़क गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने पत्रकारों से कहा, “आप लोग बिलासपुर से हैं, तो यहां मस्तूरी में क्या कर रहे हैं?”
इसके बाद उन्होंने स्वयं पत्रकारों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। पत्रकारों के साथ ग्राम प्रमुख पक्ष के इस प्रकार के व्यवहार को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पत्रकारों का कहना है कि वे जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों की जानकारी लेने पहुंचे थे, लेकिन सवाल पूछने पर इस तरह का रवैया लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले को किस नजरिए से देखता है और पत्रकारों के सम्मान व सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।


