ब्युरो रिपोट दिनेश आहुजा
प्रेस क्लब के “हमर पहुना” में बोले धरमलाल कौशिक – जनप्रतिनिधि का काम सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है
बिलासपुर– बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य का प्रत्येक क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह बात पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद करते हुए कही।

धरमलाल कौशिक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, बिजली और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी है।
उन्होंने बताया कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होने पर लगभग 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये तथा दगौरी रेल लाइन के आगे सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मनियारी परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है।

शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कौशिक ने कहा कि अधिकांश विद्यालयों का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है तथा कई विद्यार्थियों ने 95 से 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छात्राओं की शिक्षा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और अनेक विद्यालयों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक हो गई है।
अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने लगभग साढ़े चौदह वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला और फिर विधायक के रूप में जनता की सेवा करने का दायित्व मिला।
उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय की यादें साझा करते हुए कहा कि बिलासपुर में उच्च न्यायालय की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि राज्य के संतुलित विकास के लिए राजधानी रायपुर और उच्च न्यायालय बिलासपुर में स्थापित करने की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार किया गया।
कौशिक ने कहा कि जब उन्होंने बिल्हा विधानसभा का प्रतिनिधित्व संभाला, तब क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं का अभाव था। उनके प्रयासों से अनेक सड़क परियोजनाएं, विद्युत उपकेंद्र, विद्यालय, महाविद्यालय तथा अन्य विकास कार्य शुरू हुए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने से बिजली व्यवस्था मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि बिल्हा क्षेत्र में स्थित हवाई अड्डा, बिलासपुर उच्च न्यायालय, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल तथा सिरगिट्टी, तिफरा, सिलपहरी और दगौरी के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार जनहित और विकास के कार्यों को आगे भी इसी गति से जारी रखेगी।
कार्यक्रम के पूर्व बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।



