ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर पुलिस का बड़ा खुलासा: महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के नाम पर ₹70 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के 02 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर (छत्तीसगढ़):पैसे दोगुना करने और भारी ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का अंतागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के नाम पर करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपियों ने कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को 5% मासिक ब्याज तथा 1.5 साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। ठगों ने पीड़ितों (विशेषकर सरकारी कर्मचारियों) को बैंकों से लोन दिलाकर पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई। शुरुआती किश्तों के बाद आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और लगभग 500 लोगों के ₹70 करोड़ हड़पकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दयाशंकर साहू (45 वर्ष, निवासी दुर्ग) को बेमेतरा से और नितिन निर्मलकर (26 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया। थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भादवि की धारा 420, 120(बी), 112, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कांकेर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य ब्याज के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध आर्थिक धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें; सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।














