शासकीय हाई स्कूल खजूरी में नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न
छात्राओं की पढ़ाई को मिलेगी नई गति, आवागमन होगा आसान: अंबिका विनोद साहू
चकरभाठा/सकर्रा।शासकीय हाई स्कूल खजूरी में नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत बिलासपुर की सभापति अंबिका विनोद साहू ने छात्राओं को साइकिल वितरित की और उन्हें नियमित विद्यालय आकर लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति अंबिका विनोद साहू ने कहा कि शासन की साइकिल वितरण योजना का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। साइकिल मिलने से न केवल छात्राओं की समय की बचत होगी और यात्रा की समस्या दूर होगी, बल्कि उन्हें अपनी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने का प्रोत्साहन भी मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही एक बेहतर और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है, इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. अविनाश वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि घनश्याम छेदाम, रामेश्वर ध्रुव, शिव ध्रुव (सरपंच उड़ेला), पंचगढ़ सहित विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं गरिमामय उपस्थिति में रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे और उनमें भारी उत्साह देखा गया। छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सहूलियत होगी और पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने उपस्थित अतिथियों का आभार जताया और विद्यार्थियों को अनुशासन व नियमितता के साथ आगे बढ़ने की सीख दी














