कलेक्टर जनदर्शन में 47 आवेदन प्राप्त, निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
सरोना की हितग्राही को ओटीपी के माध्यम से मिलेगा राशन
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 अक्टूबर 2026/ जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए।


जनदर्शन में ग्राम सरोना निवासी श्रीमती सावित्री बघेल ने कलेक्टर के समक्ष उचित मूल्य दुकान से राशन नहीं मिल पाने की समस्या रखी और राशन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारी को तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस पर खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि अंगूठे का निशान स्कैन नहीं हो पाने के कारण हितग्राही को राशन प्राप्त करने में परेशानी हो रही थी। अब उन्हें ओटीपी के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
जनदर्शन में ग्राम कोदाभाट में आवारा मवेशियों के लिए चारागाह एवं उचित व्यवस्था करने, प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने, पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत टूल किट उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना में ग्रामीणों के नाम जोड़ने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा मनरेगा की राशि दिलाने, जन्म प्रमाण पत्र बनवाने, अतिक्रमण हटाने, नल-जल योजना के अंतर्गत अपूर्ण कार्यों को पूरा कराने, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने तथा जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत कार्यों को पूर्ण कराने की मांग भी की गई। वहीं, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर नियंत्रण रखने सहित अन्य समस्याओं को लेकर भी आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए।


कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने तथा समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल कर रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


