ब्युरो रिपोट हीरा चावराई
प्रेम संबंध के शक में युवक की निर्मम हत्या करने वाले चाचा-भतीजा गिरफ्तार; शव को सीमेंट पोल से बांधकर तालाब में फेंका था।
दिनांक 15.11.2026 को थाना तिल्दा नेवरा में सूचना मिली कि ग्राम बेमता निवासी पुरुषोत्तम पाल (उम्र 22 वर्ष) दिनांक 14.11.2026 की दोपहर से लापता है। पुलिस ने तत्काल गुम इंसान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। परिजनों और साक्षियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी शंकर पाल को अपनी पत्नी और मृतक के बीच प्रेम संबंध होने का शक था, जिसके चलते पूर्व में उनके बीच विवाद भी हुआ था। घटना के दिन मृतक को शंकर पाल और उसके भतीजे किशन उर्फ पिंटू यादव के साथ देखा गया था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पूर्व नियोजित साजिश के तहत टंगिया से सिर और गर्दन पर वार कर पुरुषोत्तम पाल की हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने और पहचान मिटाने के लिए शव को सीमेंट पोल से बांधकर ग्राम बेमता स्थित मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से मृतक का शव बरामद किया। घटनास्थल का ‘सीन ऑफ क्राइम’ यूनिट द्वारा निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया, मृतक का डंडा और आरोपियों तथा मृतक के मोबाइल फोन जप्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (उम्र 20 वर्ष), निवासी पुटपुटा, हाल निवासी बेमता, तिल्दा नेवरा।शंकर पाल उर्फ राजू (उम्र 38 वर्ष), निवासी दशरंगपुर, हाल निवासी बेमता, तिल्दा नेवरा।





