किसानों की सुविधा और सुचारू धान खरीदी हमारी प्राथमिकता – अंबिका विनोद साहू

सकर्रा सेवा सहकारी समिति में जिला पंचायत सदस्य के मुख्य आतिथ्य में धान खरीदी का शुभारंभ, बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
बिलासपुर/सकरी। कृषक सेवा सहकारी समिति सकर्रा में धान खरीदी का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंबिका विनोद साहू शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उनकी मेहनत से ही प्रदेश में खुशहाली और समृद्धि आती है। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। खरीदी केंद्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था, पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करना समिति प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि अंबिका विनोद साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों और उनकी आर्थिक मजबूती के लिए लगातार प्रयास कर रही है। धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। किसान पूरे साल मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं, ऐसे में उनकी उपज की खरीदी व्यवस्थित तरीके से होना जरूरी है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से किसानों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा खरीदी प्रक्रिया को सरल और सुचारू बनाए रखने की अपील की।
धान खरीदी प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रामकुमार निर्मलकर, पटवारी अखिलेश सोनी, ग्राम सेवक, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष हर प्रसाद कौशिक, समिति प्रबंधक राम गोपाल साहू, सरपंच प्रतिनिधि श्यामंता कौशिक, उपसरपंच संजय कर्ष, नारायण साहू, डॉ. नंद कुमार कर्ष, नवीन कौशिक, दुरज राम कुर्रे, योगेश साहू, रामफल कर्ष, शिव कौशिक, ताराचंद साहू, विजय कौशिक, दिलीप यादव, श्रीराम साहू, जितेन्द्र कौशिक एवं पुरुषोत्तम कौशिक सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भरोसा दिलाया कि खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा और व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाएगा। धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही सकर्रा क्षेत्र के किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला।





