ब्यूरो रिपोर्ट दिनेश आहूजा
बिलासपुर के ‘डिजिटल अफसर’ अमित कुमार अब सुकमा के नए कलेक्टर; जिला प्रशासन ने दी बिदाई
बिलासपुर नगर निगम में विकास की नई इबारत लिखने वाले निगम आयुक्त अमित कुमार को उनके नए दायित्व (जिला कलेक्टर, सुकमा) के लिए जिला कार्यालय में गरिमामय समारोह के साथ विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना की।
विदाई भाषण में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने श्री कुमार को प्रशासन का ‘संकटमोचक’ बताया। उन्होंने कहा कि अमित कुमार के पास विनम्रता के साथ लोगों को समझाने का अद्भुत गुण है, जिसके कारण शहर के चारों दिशाओं में संतुलित विकास संभव हो सका। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि अमित कुमार की फाइल और फील्ड, दोनों पर समान रूप से मजबूत पकड़ रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें ‘डिजिटल अफसर’ की संज्ञा देते हुए कहा कि शहर की हर योजना और समस्या का समाधान उनके मोबाइल पर हमेशा तैयार रहता था। यातायात व्यवस्था को सुधारने और शहर को व्यवस्थित करने में निगम प्रशासन का सहयोग अनुकरणीय रहा। श्री सिंह ने विश्वास जताया कि अब भद्राचलम और सुकमा के बीच विकास का अंतर उनके नेतृत्व में जल्द ही समाप्त होगा।
अमित कुमार ने जताया आभार
अपनी विदाई के अवसर पर श्री अमित कुमार ने कहा, “बिलासपुर से मैंने बहुत कुछ सीखा है। यहां काम करने के लिए जो बुनियादी ढांचा और सहयोग मुझे मिला, उसी की बदौलत हम अतिक्रमण मुक्ति और यातायात सुधार जैसे कठिन कार्य कर पाए।” उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इन यादों को सुखद बताया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, सहायक कलेक्टर अरविन्द कुमारन, एडिशनल कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अमित कुमार के साथ अपने कार्य अनुभवों को साझा किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

