सरकंडा पुलिस का संगठित अपराधियों पर प्रहार: लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले दो मुख्य आरोपी और दो नाबालिग गिरफ्तार
बिलासपुर: थाना सरकंडा क्षेत्र में लूटपाट कर आमजन में दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार, सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 02 बालिग आरोपियों और 02 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण:
प्रार्थी रामगोपाल तिवारी (उम्र 55 वर्ष) निवासी पत्रकार कॉलोनी, अशोक नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जनवरी 2026 की रात जब वह नवधा रामायण पाठ से लौट रहे थे, तभी महर्षि कश्यप नगर के पास चार लड़कों ने उनका रास्ता रोका। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए प्रार्थी का जियो मोबाइल और 1000 रुपये नगद लूट लिए। आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो अंजाम बुरा होगा।”

पुलिस की त्वरित कार्यवाही:
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सी.एस.पी. (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
दिनांक 18.01.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अशोक नगर अटल आवास के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी रामगोपाल तिवारी के अलावा खमतराई निवासी सुधीर श्रीवास एवं अन्य लोगों से भी लूटपाट करना स्वीकार किया।
बरामदगी:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित मशरूका बरामद किया है:
- लूटा गया जियो मोबाइल फोन।
- लूटा गया रेडमी मोबाइल फोन।
- नाबालिगों के पास से लूटी गई नगद राशि।
गिरफ्तार आरोपी:
- करन यादव उर्फ केडी (पिता फेकूराम, उम्र 19 वर्ष), निवासी अशोक नगर, सरकंडा।
- दुर्गेश साहू उर्फ मुण्डा (पिता बुधारू साहू, उम्र 20 वर्ष), निवासी अशोक नगर, सरकंडा।
- दो विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)।
विशेष:
जांच में यह पाया गया कि आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिसके आधार पर मामले में संगठित अपराध (बीएनएस धारा 111) के तहत भी कार्यवाही की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

