जियान खान की रिपोट
सकरी क्षेत्र के परसदा में अवैध शराब बिक्री पर सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर।सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परसदा में अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव के ही दो व्यक्ति सागर बघेल (पिता भुवन बघेल) और करन बघेल (पिता सागर बघेल) द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की शिकायत मिली है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत परसदा के सरपंच जगत राम साहू ने थाना प्रभारी सकरी विजय चौधरी को पत्र लिखकर गांव में हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने तथा क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
सरपंच द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इन दिनों ग्राम पंचायत परसदा में अवैध शराब की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। नशे की हालत में लोगों के बीच अनावश्यक विवाद और झगड़े की स्थिति भी बन रही है, जिससे कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है।
पत्र में पुलिस प्रशासन से आग्रह किया गया है कि गांव में नियमित रूप से पेट्रोलिंग वाहन भेजा जाए और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
सरपंच जगत राम साहू ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम उठाए जाते हैं तो संभावित विवादों और अप्रिय घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।


