नकली पुलिस बनकर ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले 02 शातिर आरोपी गिरफ्तार
बिते देर रात टाटा पंच कार से आए आरोपियों ने टोयोटा शोरूम के पास दिया था घटना को अंजाम
बिलासपुर (06 मार्च 2026):पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना का विवरण
दिनांक 06.03.2026 की रात लगभग 03:10 बजे, प्रार्थी ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि टोयोटा शोरूम के पास एक सफेद रंग की टाटा पंच वाहन में सवार दो युवकों ने उसके ट्रेलर को जबरन रुकवाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रेलर के बिल्टी पेपर की मांग की। पेपर न होने का डर दिखाकर उन्होंने पैसों की मांग की और प्रार्थी का विवो मोबाइल (कवर में रखे 1000 रुपये सहित) तथा वाहन के दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर तत्काल टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अभिषेक विहार कॉलोनी (मंगला) से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जप्त संपत्ति एवं विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है:
- लूट की संपत्ति: एक नग विवो टच स्क्रीन मोबाइल, नगदी 1000 रुपये और ट्रेलर का बिल्टी पेपर (कुल कीमती 26,000 रुपये)।
- जप्त सामग्री: घटना में प्रयुक्त सफेद टाटा पंच वाहन, मोबाइल एवं नगदी।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- यशराज यादव (22 वर्ष): निवासी जांजगीर, वर्तमान पता- अभिषेक विहार कॉलोनी, मंगला, बिलासपुर।
- सुमित दुबे (27 वर्ष): निवासी सरसीवा (जिला सारंगढ़), वर्तमान पता- अभिषेक विहार कॉलोनी, मंगला, बिलासपुर।
आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया जा रहा है।


