ब्लैक स्पॉट पर नकेल कसने की तैयारी: बिलासपुर पुलिस ने नोडल अधिकारियों के साथ किया सड़क दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का निरीक्षण
बिलासपुर: उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में, बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दुर्घटना जन्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) का निरीक्षण किया।


मुख्य निरीक्षण स्थल एवं कार्रवाई:
यातायात पुलिस की टीम ने जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर तकनीकी सुधार हेतु प्रतिवेदन तैयार किया है:
- थाना तखतपुर: ग्राम खपरी का दैजा बीजा मोड़।
- चौकी जूनापारा: ग्राम धौरा कछार।
- थाना कोटा: संवेदनशील अमने मोड़।
- चौकी बेलगहना एवं केंदा: दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का सूक्ष्म अवलोकन।
इंजीनियरिंग और तकनीकी सुधार के निर्देश:
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD), नेशनल हाईवे (NH) और ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों को मौके पर ही सुरक्षा मानकों के अनुसार निम्नलिखित सुधार तत्काल करने के निर्देश दिए गए:
- संकेतक एवं बोर्ड: पर्याप्त लाइट, गति सीमा बोर्ड, अंधे मोड़ के संकेतक और हजार्ड मार्किंग।
- सुरक्षा उपकरण: रेडियम रिफ्लेक्टर, मल्टीपल ब्रेकर, ब्लिंकर, रंबल स्ट्रीप, और कैट आई का इंस्टॉलेशन।
- मार्ग विस्तार: संकीर्ण मार्गों और चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करना तथा दृश्यता बाधित करने वाले पेड़ों की छटाई।


