ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं उल्लेखनीय उपलब्धियां
बिलासपुर – 22 मार्च 2026 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा हेतु विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इन अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जो रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उपरोक्त अभियानों के अंतर्गत कुछ उल्लेखनीय उपलब्धियां इस प्रकार है:-

अवैध टिकट दलाली के विरुद्ध “ऑपरेशन उपलब्ध”
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत अवैध टिकट दलालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2024 में तीनों मंडलों द्वारा कुल 331 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार कर उनके पास से लगभग 1.27 करोड़ रुपये मूल्य के टिकट बरामद किए गए। वर्ष 2025 में 277 दलालों की गिरफ्तारी कर लगभग 62.10 लाख रुपये के टिकट जब्त किए गए। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 57 दलालों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये के टिकट बरामद किए गए हैं। इन सभी मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है, जिसमें अधिकतम 3 वर्ष की सजा का प्रावधान है।

“ऑपरेशन नारकोस” के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे परिसर में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने हेतु “ऑपरेशन नारकोस” के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर मंडलों में विशेष टास्क टीम गठित कर तथा सीआईबी (क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच) एवं एसआईबी (स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच) को सक्रिय कर सतत निगरानी रखी जा रही है।
वर्ष 2025 में इस अभियान के तहत 63 मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर 713.522 किलोग्राम मादक पदार्थ (लगभग 1.70 करोड़ रुपये मूल्य) जब्त किए गए। वर्ष 2026 में अब तक 24 मामलों में 36 आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए 341.745 किलोग्राम मादक पदार्थ (लगभग 1.71 करोड़ रुपये मूल्य) जब्त किए गए हैं।

पिछले तीन वर्षों (2023, 2024 एवं 2025) के दौरान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत कुल 5.30 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों की जब्ती कर 283 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष रूप से उड़ीसा की दिशा से आने वाली ट्रेनों पर फोकस करते हुए सतत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध वेंडरों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई
यात्री ट्रेनों एवं स्टेशन परिसरों में अवैध वेंडरों के विरुद्ध भी रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2025 में 13,709 तथा वर्ष 2026 में अब तक 2,941 अवैध वेंडरों को गिरफ्तार कर रेलवे अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है, जिसमें अधिकतम 1 वर्ष की सजा का प्रावधान है।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में अवैध वेंडरों से लगभग 85 लाख रुपये तथा वर्ष 2026 में अब तक लगभग 11 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा में सहयोग प्रदान करें।


