विशेष संवाददाता मोहन मदवानी
सिंधी कॉलोनी में अवैध रूप से संचालित ‘चखना दुकान’ पर पुलिस का शिकंजा; संचालक गिरफ्तार
बिलासपुर: शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और देर रात तक होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत, सिविल लाइन पुलिस ने सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। वर्षों से देर रात तक अवैध रूप से संचालित हो रही एक चखना दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने संचालक को हिरासत में लिया है।

पुलिस को मुखबिर और गश्त के दौरान सूचना मिली कि सिंधी कॉलोनी में एक दुकान शासन के नियमों का उल्लंघन करते हुए देर रात तक संचालित की जा रही है। सूचना की तस्दीक होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दुकान खुली पाई गई और वहां भीड़ जमा थी। पुलिस ने मौके से संचालक को गिरफ्तार किया है और कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि उक्त दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। रहवासियों का आरोप था कि देर रात तक दुकान खुलने के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता था, जिससे आए दिन शोर-शराबा और विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देर रात तक अवैध गतिविधियों को प्रश्रय देने वाले दुकानों और ठिकानों पर हमारी पैनी नजर है। यह कार्रवाई एक संदेश है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का सिंधी कॉलोनी के नागरिकों ने स्वागत किया है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।


