सरकण्डा पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार: ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ 02 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सरकण्डा और चौकी मोपका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को दबोचा है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई है।

मुख्य कार्रवाई और जप्ती का विवरण:
थाना सरकण्डा की कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिविल लाइन निवासी आरोपी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 7.50 ग्राम हेरोइन, 20 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 12 BF 4767) जप्त की गई। जप्त किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,72,500/- रुपये है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 766/2026, धारा 21, 22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चौकी मोपका की कार्रवाई: दूसरी कार्रवाई में मोपका पुलिस ने बायपास रोड धान मंडी के पास घेराबंदी कर चिंगराजपारा निवासी आरोपी सुभाष देवांगन को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 13,000/- रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 765/2026, धारा 21, 22 NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बिलासपुर पुलिस नशे के इस अवैध जाल को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध सप्लाई चेन और नशीली दवाओं के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।


