कोटमी सराफा व्यापारी हत्याकांड और सनसनीखेज लूट का खुलासा; तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार व जेवरात बरामद
बिलासपुर/जीपीएम। कोटमी के साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की सरेराह गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस, 03 मोबाइल और लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।

लूट और हत्या की खौफनाक साजिश
पुलिस विवेचना के अनुसार, मुख्य आरोपी खुशीराम साहू (बिटकुला, सीपत) ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के पेशेवर अपराधी राहुल, संजय और राजू के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी कोटमीकला के देवरीखुर्द में गया प्रसाद रजक के घर पर रुके थे और लगातार व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
मंगलवार की शाम करीब 7 बजे जब पेंड्रा निवासी व्यवसायी प्रदीप सोनी अपनी दुकान समेटकर जेवरातों से भरा बैग लेकर आगे बढ़े, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने बेहद नजदीक से उनके सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
खुशीराम साहू (पिता जगन्नाथ प्रसाद साहू, निवासी बिटकुला, सीपत)
राजाराम साहू (पिता स्व. मूलचंद साहू, निवासी बिटकुला, सीपत)
गया प्रसाद रजक (पिता स्व. अयोध्या राम रजक, निवासी देवरीखुर्द, कोटमीकला)
जन-आक्रोश के बाद पुलिस की चौतरफा घेराबंदी
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर बिलासपुर, जीपीएम और मुंगेली पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भेजी गई हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में अविनाश मिश्रा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीपीएम, श्री राजेश देवांगन, एसडीओपी मरवाही, श्याम सिदार, एसडीओपी पेण्ड्रा, निरीक्षक प्रसाद सिन्हा प्रभारी साइबर थाना बिलासपुर, निरीक्षक अंजना केरकट्टा थाना प्रभारी अजाक, निरीक्षक सनीप रात्रे थाना गौरेला, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह थाना मरवाही उप निरीक्षक हेमंत आदित्य एसीसीयू बिलासपुर, उप निरीक्षक अजय वारे थाना गौरेला, उप निरीक्षक सतैन्द्र पुरी गोस्वामी, साइबर सेल मुंगेली, उप निरीक्षक सनत मात्रे थाना गौरेला, उप निरीक्षक रणक्षोर सिंह सेंगर थाना प्रभारी पेन्ड्रा, उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव थाना अजाक, उप निरीक्षक राम निवास राठौर चौकी प्रभारी कोटमीकला, सउनि नवीन मिश्रा चौकी प्रभारी सिवनी एवं जिला गौरेला पेण्ड्रा-मरवाही पुलिस, जिला साइबर सेल जीपीएम, जिला साइबर सेल मुंगेली, एसीसीयू बिलासपुर तथा बिलासपुर रेंज की विभिन्न पुलिस इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही ।


